बकरी चराने गई 15 वर्षीय किशोरी आई करंट की चपेट में, PHC बढ़नी में इलाज के बाद घर भेजा

गुरु जी की कलम से

बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। क्षेत्र के रेकहट गांव में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घर से बकरी चराने गई 15 वर्षीय किशोरी खुले में पड़े बिजली के केबल की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद आनन-फानन में उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

पोखरे के पास पड़े खुले केबल से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, रेकहट गांव निवासी रमेश कुमार की 15 वर्षीय पुत्री काजल सुबह करीब 10 बजे घर के पास बकरी चराने गई थी। इसी दौरान पोखरे के समीप जमीन पर पड़े बिजली के केबल से उसका हाथ स्पर्श हो गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गई। किशोरी के झुलसते ही मौके पर हड़कंप मच गया।

इलाज के बाद किशोरी की हालत खतरे से बाहर

परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से काजल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रदीप वर्मा ने किशोरी का त्वरित उपचार किया। डॉ. वर्मा ने बताया कि इलाज के बाद किशोरी की हालत में सुधार को देखते हुए उसे घर भेज दिया गया है।

बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

इस घटना के बाद से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है। खुले में और जमीन पर बिखरे बिजली के तारों व केबलों की वजह से लगातार हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते खुले तारों को दुरुस्त नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द जर्जर व खुले केबलों की मरम्मत कराने की मांग की है।