शोहरतगढ़ विधानसभा प्रभारी उग्रसेन सिंह ने सरकार पर साधा निशाना, बोले- 2027 में बनेगी सपा सरकार

परमात्मा उपाध्याय

बढ़नी, सिद्धार्थनगर: समाजवादी पार्टी (सपा) के शोहरतगढ़ विधानसभा प्रभारी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख उग्रसेन सिंह ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि यह सरकार सत्ता में बने रहने के लायक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, और भ्रष्टाचार से परेशान हो चुकी है और 2027 में उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

​रविवार को नगर पंचायत बढ़नी के दौरे पर पहुंचे उग्रसेन सिंह ने पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया, जहाँ उन्होंने स्थानीय पत्रकारों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज किसान यूरिया के लिए भटक रहे हैं, युवा बेरोजगार हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। उन्होंने चोरी की बढ़ती घटनाओं का भी ज़िक्र किया, जिसके कारण लोग रात-रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

‘वोट चोरी’ का लगाया आरोप

​उग्रसेन सिंह ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि वह खुद इसका शिकार हो चुके हैं, क्योंकि 2022 में ‘वोट चोरी’ की वजह से वोटर लिस्ट से उनका नाम ही गायब हो गया था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार से जनता का भरोसा उठ चुका है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब दिया जाएगा।

पत्रकारों का किया सम्मान

​इस अवसर पर उग्रसेन सिंह ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। पत्रकारों का सम्मान कर उन्होंने यह संदेश दिया कि समाजवादी पार्टी हमेशा उनकी आवाज़ को महत्व देती है और उनके हितों का ध्यान रखती है।

​प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभासद निज़ाम अहमद, निसार अहमद, रजीउद्दीन, मसूद अहमद, मोहम्मद इब्राहिम बाबा, श्याम देव यादव, राजन श्रीवास्तव, सलमान हिन्दी, अर्जुन यादव, पवन पाठक, पवन यादव, चंदा लाल, नंदलाल आजाद, सपा नेता हरिनारायण यादव, रामू यादव और बदरे आलम सहित कई सपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।