📅 Published on: September 24, 2025
असदुल्लाह सिद्दीकी
कठेला समयमाता/सिद्धार्थनगर। कठेला समयमाता थाना क्षेत्र के ग्राम धोबहा के टोला पिपरी में ग्राम चौपाल के तहत कठेला पुलिस ने मंगलवार को साइबर क्राइम और महिला संबंधित अपराधों में रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया।
मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिला सशक्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर कठेला समयमाता थाना पुलिस ने ग्राम धोबहा टोला पिपरी में महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
सिद्धार्थनगर के एसपी डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी अभय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में साइबर सुरक्षा चौपाल लगाई। पुलिस टीम में उप निरीक्षक आनंद कुमार, नन्हेलाल मिश्रा, कांस्टेबल गगनदीप कुमार, राजेश यादव, विशाल पासवान और महिला आरक्षी करिश्मा शामिल रही।
मिशन शक्ति फेज पांच के बारे में थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि गांव, शहर, सड़क या स्कूल कहीं भी महिलाओं व छात्राओं को डरने की जरूरत नहीं है। किसी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत 112, 1090 या स्थानीय पुलिस को सूचना दें। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 108, 102, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचित करें। महिला आरक्षी करिश्मा ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी दी।ग्राम चौपाल साइबर सुरक्षा कार्यक्रम में ग्राम प्रधान तालू, राघवेंद्र महताब, मैरज अहमद, अब्दुल रहमान सहित तमाम ग्रामवासी मौजूद रहे।