📅 Published on: December 9, 2025
मधुकरपुर समिति पर किसानों का जमकर हंगामा, सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग
Kapilvastupost
बांसी। साधन सहकारी समिति मधुकरपुर बांसी में खाद की बिक्री में भारी अनियमितताओं को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में किसानों ने हंगामा किया। किसानों ने समिति के सचिव/केन्द्र प्रभारी पर सरकारी मूल्य से अधिक दाम वसूलने और खाद की ब्लैक मार्केटिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है। किसानों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बांसी को एक ज्ञापन सौंपकर इस मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रमुख आरोप:
सरकारी मूल्य से अधिक वसूली: किसानों के अनुसार, खाद का सरकारी मूल्य ₹266 है, लेकिन समिति पर किसानों से अधिक दाम वसूले जा रहे हैं।
ब्लैक मार्केटिंग: किसानों को खाद न देकर उसे अधिक दामों पर ब्लैक किया जा रहा है।
फर्जीवाड़ा: आरोप है कि जो किसान एक या दो बोरी खाद लेता है, उसके नाम पर रजिस्टर में पाँच बोरी चढ़ाकर खारिज कर दिया जाता है।
अभद्रता: समिति पर कार्यरत कर्मचारियों द्वारा किसानों के साथ अभद्रता की जाती है और उन्हें भगा दिया जाता है।
सदस्यता शुल्क में धांधली: समिति की सचिव पर मेंबर बनाने के नाम पर तमाम लोगों से ₹250 लिए जाने का आरोप है, लेकिन आज तक किसी को मेंबर कार्ड नहीं दिया गया।
एसडीएम को ज्ञापन
जिला पंचायत सदस्य रीता देवी के नेतृत्व में तेजगढ़ गांव के किसानों ने एसडीएम बांसी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि समिति के सचिव के क्रिया कलाप से किसान बहुत परेशान हैं।
किसानों ने एसडीएम से आग्रह किया है कि केंद्र प्रभारी के पति और उनके साथ आने वाले 4-5 व्यक्तियों के क्रिया कलापों की गहन जांच कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में गंगाराम निषाद, अजय कुमार, धर्मराज, तिलकराम, पंचगुलाम, पिहर, सोहबत, शोभित, मोतीलाल आदि सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।