📅 Published on: December 9, 2025
कानपुर में आयोजित उत्तर प्रदेश चैंपियनशिप में पी.पी.एस पब्लिक स्कूल की छात्रा ने लहराया परचम
निज़ाम अंसारी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।
शोहरतगढ़ की होनहार छात्रा अंकिता कन्नौजिया ने हाल ही में कानपुर में आयोजित उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो चैंपियनशिप (5 से 7 दिसंबर 2025) में शानदार प्रदर्शन करते हुए शोहरतगढ़ का नाम रोशन किया है। अंकिता का चयन अब आगामी नेशनल फेडरेशन कप, जयपुर (राजस्थान) के लिए हुआ है, जिससे शोहरतगढ़ में खुशी की लहर है।
अंकिता शोहरतगढ़ स्थित पी.पी.एस पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें नगर पालिका परिषद शोहरतगढ़ के चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, जिला ताइक्वांडो एकेडमी सिद्धार्थ नगर के अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह, विद्यालय प्रबंधक पाटेश्वरी प्रसाद श्रीवास्तव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य समाजसेवी द्वारा सम्मानित किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने किया सम्मान
इस अवसर पर नगर पंचायत शोहरतगढ़ के चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने अंकिता की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा अंकिता ने पूरे शोहरतगढ़ का गौरव बढ़ाया है। ताइक्वांडो जैसे आत्मरक्षा वाले खेल में उसका राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना जाना हमारे क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। हम सब उसके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं और उम्मीद है कि वह नेशनल फेडरेशन कप में भी शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतकर आएगी।
ताइक्वांडो आत्म-सुरक्षा का गुण, सरकारी नौकरी का भी अवसर
जिला ताइक्वांडो एकेडमी सिद्धार्थ नगर के अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि ताइक्वांडो केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह शरीर को स्वस्थ रखता है और बच्चों को आत्म-सुरक्षा का गुण भी सिखाता है। उन्होंने बताया कि इस खेल के माध्यम से बच्चे प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर अपना भविष्य बना सकते हैं।
अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह ने हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि जो खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर और वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक जीतेंगे, उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी नौकरी भी दी जाएगी।
आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण
अंकिता को यह प्रशिक्षण जिला ताइक्वांडो एकेडमी सिद्धार्थ नगर के सचिव बजरंगी राजपूत एवं प्रशिक्षक रामनाथ पासवान के नेतृत्व में दिया गया।
उमेश प्रताप सिंह ने ताइक्वांडो खेल को बढ़ावा देते हुए यह भी घोषणा की कि जो भी बालक-बालिकाएं ताइक्वांडो खेलना चाहते हैं और जिनकी आर्थिक स्थिति सही नहीं है, उन्हें संस्था में निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस निःशुल्क प्रशिक्षण का समय शाम 3 बजे से 5 बजे तक रहेगा।