📅 Published on: December 9, 2025
जनपद न्यायाधीश अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय की अध्यक्षता में न्यायिक, प्रशासनिक एवं बैंक अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली, और उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ, के निर्देशों के अनुपालन में, आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की भव्य सफलता सुनिश्चित करने हेतु सिद्धार्थनगर में महत्वपूर्ण प्री-ट्रायल बैठकों का आयोजन किया गया।
ये बैठकें माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय की अध्यक्षता में आयोजित की गईं।
न्यायिक अधिकारियों के साथ पहली बैठक
दिनांक 08-12-2025 को दोपहर 01:30 बजे, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय ने समस्त सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण के साथ प्री-ट्रायल बैठक की।
बैठक में माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय ने प्रत्येक न्यायिक अधिकारी को निर्देशित किया कि वे अपने न्यायालयों में लंबित एवं विचारणीय मामलों की अधिक से अधिक सूची तैयार करें। उन्होंने विशेष रूप से चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, मोटर वाहन अधिनियम (M.V. Act), बैंक ऋण वसूली, विद्युत बिल विवाद, श्रम संबंधी मामले, एवं अन्य सिविल प्रकृति के प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर निस्तारित करने पर जोर दिया।
इस बैठक में बीरेन्द्र कुमार (नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत), मनोज कुमार तिवारी, न्यायधीश पंकज, अरूण कुमार-चतुर्थ, शैलेन्द्र नाथ (सचिव, डीएलएसए), वकील, धम्म कुमार सिद्वार्थ, शिवेन्द्र शर्मा, श्रेय कुमार वर्मा, श्रीमती ऋचा चौधरी सहित बाह्य न्यायालयों के अधिकारीगण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
प्रशासनिक एवं बैंक अधिकारियों के साथ दूसरी बैठक
इसी क्रम में, दिनांक 08-12-2025 को अपराह्न 04:30 बजे, माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय की अध्यक्षता में जिले के प्रशासनिक अधिकारीगण एवं बैंक के अधिकारीगण के साथ भी एक प्री-ट्रायल बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में प्रशासनिक एवं बैंक अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया और उन्हें लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर निस्तारित किए जाने हेतु दिशा निर्देश दिए गए। जनपद न्यायाधीश महोदय ने दिनांक 13-12-2025 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने की अपील की।
इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों में ए.डी.सी.ओर को-आपरेटिव, अपर पुलिस अधीक्षक, उप प्रभागीय वनाधिकारी, अधिशाषी अभियंता विद्युत, श्रम विभाग के प्रतिनिधि, उपमण्डल अभियंता बी.एस.एन.एल., यू.पी.नेडा, ए.आई.जी. स्टाम्प, जिला पूर्ति अधिकारी, डी.एल.ओ., जिला आबकारी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, वरिष्ठ निरीक्षक बाट तथा माप, आर.टी.ओ. आफिस के अधिकारी, और बैंक अधिकारियों में भारतीय स्टेट बैंक, इंडियन बैंक नौगढ, यू.पी. ग्रामीण बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, और श्रीराम फाइनेंस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।