शोहरतगढ़ के बेदौली गांव में चकबंदी प्रक्रिया पूरी, कृषकगणों ने जताई संतुष्टि

धारा-27 के तहत अंतिम अभिलेख (आकार पत्र-45) का उद्धरण किया गया; बिखरे खेत एक हुए, किसानों को मिले चकमार्ग और सिंचाई नालियाँ

निज़ाम अंसारी 

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।

तहसील शोहरतगढ़, जनपद सिद्धार्थनगर के ग्राम बेदौली, तप्पा-डबरा, परगना-नौगढ़ में चल रही चकबंदी की महत्वपूर्ण प्रक्रिया आज दिनांक 08 दिसंबर 2025 को सफलतापूर्वक अंतिम चरण में पहुँच गई। उत्तर प्रदेश जोत चकबन्दी अधिनियम की धारा-27 के अन्तर्गत, गांव में अंतिम अभिलेख जोत चकबन्दी आकार पत्र-45 का उद्धरण (वितरण) पूर्व सूचना के अनुसार किया गया।

इस गांव में चकबन्दी प्रक्रिया की शुरुआत धारा-4 का प्रकाशन दिनांक 12.07.2017 को करके की गई थी, जबकि कब्जा परिवर्तन (धारा-24) का कार्य दिनांक 30.06.2022 को किया गया था।

किसानों की समस्याओं का तत्काल निवारण

आकार पत्र-45 के उद्धरण के दौरान, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी डॉ. ललित कुमार मिश्रा, चकबन्दी अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद यादव, सहायक चकबन्दी अधिकारी आशुतोष यादव, चकबन्दीकर्ता, चकबन्दी लेखपाल, चकबन्दी कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।

अधिकारियों द्वारा इस दौरान कृषकों की समस्त समस्याओं को सुना गया और उनका तत्काल निवारण किया गया।

चकबन्दी के लाभ: एक जगह इकट्ठा हुए खेत

इस अवसर पर उपस्थित कृषकगणों ने चकबन्दी प्रक्रिया के लाभों को साझा किया। किसानों ने बताया कि:

  • बिखरे हुए खेत अब इकट्ठा हो गए हैं।

  • कृषकों को अपने खेतों तक आने-जाने के लिए व्यवस्थित चकमार्ग की व्यवस्था हो गई है।

  • सिंचाई की सुविधा के लिए नाली की व्यवस्था भी की गई है।