सिद्धार्थनगर: सनई चौराहे के पास भीषण सड़क हादसा, बस की टक्कर से महिला की मौत

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के सनई चौराहे के पास बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार सरकारी बस ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय महिला की जान चली गई, जबकि उसके पति को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

अस्पताल से घर लौट रहा था दंपत्ति

जानकारी के अनुसार, जोगिया कोतवाली क्षेत्र के महादेवा नानकार गांव निवासी दुर्गावती (28) के ससुर का शहर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। दुर्गावती अपने पति शिवकांत के साथ बाइक पर सवार होकर दोपहर में अस्पताल से वापस अपने घर लौट रही थी।
सरकारी बस ने मारी टक्कर
जैसे ही दंपत्ति सनई चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित सरकारी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दुर्गावती को मृत घोषित कर दिया। शिवकांत को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यदि परिजनों की ओर से तहरीर (शिकायती पत्र) प्राप्त होती है, तो सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी- दुर्गा प्रसाद, थानाध्यक्ष