सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य समापन; गंगा नेशनल पब्लिक स्कूल के छात्रों ने जीता गोल्ड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने खिलाड़ियों को सराहा

बालक बैडमिंटन अंडर 16 में अक्षांत सिंह ने गोल्ड और ओम सिंह ने सिल्वर मैडल प्राप्त कर बिखेरा जलवा 

गुरु जी की कलम से

सिद्धार्थनगर, 25 दिसम्बर 2025 जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ का गुरुवार को रंगारंग  वातावरण में समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय सिंह श्रीनेत रहे। विशिष्ट अतिथियों में सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, पूर्व जिलाधिकारी गोरखपुर ओ.एन. सिंह, और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन: खिलाड़ियों में भरा जोश
कार्यक्रम के दौरान पोरबंदर, गुजरात से पी एम का लाइव प्रसारण को देखा गया।

प्रधानमंत्री ने देशभर के विभिन्न सांसद खेल महोत्सवों के प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने इस डिजिटल माध्यम से खिलाड़ियों के साथ जुड़कर उनका मनोबल बढ़ाया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।

सरस्वती वंदना: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, उसका बाजार की छात्राओं द्वारा।
योग प्रदर्शन: पूर्व माध्यमिक विद्यालय बर्डपुर के बच्चों ने योग की मनमोहक प्रस्तुति दी।

मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं जिनके इरादे मजबूत होते हैं – यूपीपीएससी अध्यक्ष संजय सिंह श्रीनेत ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि चरित्र निर्माण के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने मिल्खा सिंह और नीरज चोपड़ा जैसे दिग्गजों का उदाहरण देते हुए कहा:मैदान में अंत तक डटे रहने वाला ही असली खिलाड़ी है। खिलाड़ियों को सुबह 4 बजे की ठंड में भी पसीना बहाते देखकर अनुशासन की सीख मिलती है। लक्ष्य बनाकर खेलें, सफलता निश्चित मिलेगी।

सांसद जगदम्बिका पाल की बड़ी घोषणा: 10 लाख का कार्पस फंड
सांसद जगदम्बिका पाल ने खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जनपद में खेलों को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपये का फंड बनाया जा रहा है, जिससे पूरे साल खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही जनपद में स्पोर्ट्स हॉस्टल बनवाने का भी आश्वासन दिया, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच और सुविधाएं मिल सकें।

विजेताओं का सम्मान और प्रोत्साहन
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने:

* सब जूनियर 100 मीटर दौड़ (बालक/बालिका वर्ग) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
* विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और उप-विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
* उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले बच्चों को नकद पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, नपा अध्यक्ष गोविंद माधव, सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन, डीआईओएस अरुण कुमार, बीएसए शैलेष कुमार सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कोच और व्यायाम शिक्षक मौजूद रहे।