📅 Published on: December 25, 2025
Kapilvastupost
खेसरहा (सिद्धार्थनगर): बांसी-खलीलाबाद मार्ग पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पचमोहनी पोखरे के पास मदरसे की छात्राओं को लेकर जा रहे ई-रिक्शा और एक बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कक्षा 3 की एक छात्रा की जान चली गई, जबकि पांच अन्य छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गए।
छुट्टी के बाद घर लौट रही थीं छात्राएं
घटना बुधवार दोपहर की है जब खेसरहा थाना क्षेत्र के पचमोहनी पोखरे के पास स्थित मदरसा जामिया फातमा गर्ल्स कॉलेज में छुट्टी हुई थी। ई-रिक्शा चालक छात्राओं को लेकर जैसे ही मुख्य सड़क पर पहुँचा, बांसी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पलट गया ।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खेसरहा ले जाया गया।
* मृतक: उम्मे हबीबा (10 वर्ष), पुत्री बदरे आलम। वह संतकबीरनगर के सुजिया गांव की रहने वाली थी और अपने मामा के घर बनुहिया खुर्द में रहकर पढ़ाई कर रही थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
* घायल छात्राएं: शैय्यदा और खातीजा खातून का उपचार चल रहा है।
स्वेटर खरीदने बांसी गए थे बाइक सवार छात्र
बाइक पर चार छात्र सवार थे, जो विकास इंटर कॉलेज खेसरहा के कक्षा 10 के विद्यार्थी हैं। पूछताछ में घायल छात्र इंद्राज ने बताया कि क्लास टीचर के न आने के कारण वे चारों स्वेटर और जूते खरीदने बांसी गए थे। लौटते समय यह हादसा हो गया।
* घायल छात्र: सुजीत (16) और आशीष (15) की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। इंद्राज का इलाज स्थानीय स्तर पर हुआ, जबकि चौथा छात्र अजय सुरक्षित है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, रिपोर्ट मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।