विधायक विनय वर्मा ने किया अंत्येष्टि स्थल का शिलान्यास; ग्रामीणों ने नदी पर पुल बनाने की उठाई मांग

गुरु जी की कलम से
बढ़नी (सिद्धार्थनगर) | क्षेत्रीय विकास की दिशा में कदम बढ़ाते हुए शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने शुक्रवार को विकास खंड बढ़नी के ग्राम पंचायत सेमरहवा में अंत्येष्टि स्थल का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। ₹24.36 लाख की लागत से बनने वाले इस आधुनिक स्थल से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली असुविधाओं से मुक्ति मिलेगी।

24.36 लाख की लागत से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
अंत्येष्टि स्थल विकास योजना (वर्ष 2025-26) के अंतर्गत स्वीकृत इस परियोजना के बारे में विधायक ने बताया कि यहाँ न केवल अंतिम संस्कार की व्यवस्था होगी, बल्कि शुद्ध पेयजल ,स्नान और साफ-सफाई के लिए विशेष प्रबंध। परिजनों के बैठने के लिए प्रतीक्षालय व अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

खुशी के बीच बरसात की चिंता: ग्रामीणों ने रखी पुल की मांग
जहाँ एक ओर गांव में अंत्येष्टि स्थल बनने से सुकई, नंदू और सिकंदर यादव जैसे ग्रामीणों में खुशी है, वहीं भौगोलिक बाधाओं को लेकर चिंता भी जताई गई है। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि गांव के पश्चिम में घोरही नदी, दक्षिण में सुरही नाला और उत्तर में भारत-नेपाल सीमा है। जिसके बीच में यह श्मशान घाट बन रहा है।

बरसात की चुनौती: ठंड और गर्मी में तो आवाजाही संभव है, लेकिन मानसून के दौरान चारों तरफ पानी भर जाने से शवों को अंत्येष्टि स्थल तक ले जाना असंभव हो जाता है।

ग्रामीणों की मांग: घोरही नदी पर एक पुल का निर्माण कराया जाए ताकि साल भर सुगम आवाजाही बनी रहे।

विधायक का आश्वासन: लिखित शिकायत पर शासन करेगा विचार ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि वह क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा—आप अपनी मांग को लिखित रूप में शिकायती पत्र के माध्यम से दें। मैं स्वयं इसे शासन और प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुँचाऊँगा ताकि जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान (पुल निर्माण) हो सके।”

शिलान्यास के इस अवसर पर मुख्य रूप से खंड विकास अधिकारी (BDO) अनिशि मणि पांडेय ,ए पी ओ शाहिद सिराज ,पंचायत सचिव अवधेश कुमार यादव ,रत्नेश सोनी , दुर्गेश पांडे,प्रमुख सहयोगी रविकांत यादव, रेनू वर्मा, रामसेवक यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इरशाद अहमद, संतोष कुमार गुप्ता, शाहिद सिराज, राकेश कुमार, शकील अहमद , ग्राम प्रधान वीरेंद्र , गुलाम रसूल सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।