उसका बाज़ार: अवैध स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशासन का डंडा, एक पैथोलॉजी सील और क्लिनिक को नोटिस , फर्जी अल्ट्रा साउंड पर कोई कार्यवाही नहीं

उसका में वर्षों से चल रहे चर्चित फर्जी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर विभाग की मेहरबानी

Kapilvastupost
उसका बाज़ार (सिद्धार्थनगर) | 09 जनवरी, 2026
सिद्धार्थनगर जिले के उसका बाज़ार कस्बे में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी (Dy. CMO) डॉ. एम.एम. त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी से क्षेत्र के अवैध क्लीनिक और पैथोलॉजी संचालकों में हड़कंप मच गया।
प्रमुख बिंदु: जांच और कार्रवाई
जांच टीम में एसडीएम कल्याण सिंह मौर्य, नायब तहसीलदार अमित सिंह और सीएचसी अधीक्षक डॉ. एस.के. पटेल भी शामिल रहे।

टीम ने कस्बे के प्रमुख केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया:
बाला जी पैथोलॉजी पर कार्रवाई: जब टीम ‘बाला जी’ नाम से संचालित पैथोलॉजी केंद्र पर पहुंची, तो संचालक केंद्र के पंजीकरण से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज़ पेश नहीं कर पाया। कागजात के अभाव में प्रशासन ने तत्काल पैथोलॉजी को सील कर दिया।

शिफा क्लिनिक को नोटिस: टीम ने ‘शिफा क्लिनिक’ का भी निरीक्षण किया। यहाँ डॉक्टर से मरीजों के उपचार और क्लिनिक के संचालन के संबंध में पूछताछ की गई। संतोषजनक उत्तर न मिलने और चिकित्सकीय नियमों में संदिग्धता पाए जाने पर डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

शिकायत के बाद हरकत में आया विभाग
स्वास्थ्य विभाग को पिछले कुछ समय से क्षेत्र में चिकित्सकीय नियमों के उल्लंघन और बिना मान्यता के अल्ट्रा साउंड सेंटर क्लीनिक व लैब चलने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में प्रशासन ने यह कड़ा रुख अपनाया है।
अवैध रूप से स्वास्थ्य केंद्र चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बिना पंजीकरण और मानक के पैथोलॉजी व क्लीनिक चलाना मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ है। प्रशासनिक टीम
क्षेत्र में मचा हड़कंप
अचानक हुई इस छापेमारी की खबर फैलते ही उसका बाज़ार और आस-पास के क्षेत्रों में बिना लाइसेंस के चल रहे मेडिकल स्टोर, पैथोलॉजी और झोलाछाप क्लीनिकों के शटर गिर गए। विभाग का कहना है कि इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।