📅 Published on: January 21, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती सोमवार की रात चोरों ने शहर के अति सुरक्षित माने जाने वाले कलेक्ट्रेट गेट के ठीक सामने स्थित एक मोबाइल शॉप को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर वहां से करीब 6 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन और गल्ले में रखे 2.50 लाख रुपये नकद पार कर दिए।
क्या है पूरा मामला?
पकड़ी चौराहा निवासी जितेंद्र कुमार की कलेक्ट्रेट गेट के सामने मोबाइल की दुकान है। जितेंद्र के अनुसार, सोमवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ा और भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने बड़ी सफाई से दुकान में रखे कीमती स्मार्टफोन और काउंटर में रखी नकदी पर हाथ साफ किया।
सुबह हुई घटना की जानकारी
मंगलवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान पर पहुंचा, तो शटर का ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। अंदर जाने पर पता चला कि कैश काउंटर टूटा हुआ था और सारा कीमती सामान गायब था। पीड़ित के अनुसार, कुल मिलाकर करीब साढ़े आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने सदर कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी। सदर कोतवाल दुर्गा प्रसाद ने बताया कि पुलिस को चोरी की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।