📅 Published on: January 23, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (इटवा): यूपी स्टेट एग्रो के बकाया भुगतान को लेकर शासन और प्रशासन अब सख्त रुख अख्तियार कर चुका है। इटवा तहसील प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बकाया राशि की वसूली न होने पर ‘मंगलम राइस मिल’ की संपत्ति का एक-तिहाई हिस्सा कुर्क कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
नायब तहसीलदार इटवा, राघवेन्द्र पाण्डेय के अनुसार, इटवा बख्शी के राधेश्याम (पुत्र सत्य नारायण) द्वारा संचालित मंगलम राइस मिल पर यूपी स्टेट एग्रो का लगभग 18 लाख रुपये का बकाया लंबे समय से लंबित था। विभाग द्वारा बकायेदार को कई बार नोटिस जारी कर भुगतान के लिए पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन राशि जमा नहीं की गई।
SDM के आदेश पर हुई कार्रवाई
बकायेदार द्वारा भुगतान में रुचि न दिखाने पर एसडीएम के आदेशानुसार कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई गई। प्रशासन ने ग्राम मुड़िला शिवदत्त स्थित गाटा संख्या 600 में स्थित मिल की संपत्ति का एक-तिहाई हिस्सा कुर्क कर लिया है।
संपत्ति के हस्तांतरण पर पूर्ण रोक
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कुर्क की गई इस संपत्ति को अब न तो बेचा जा सकेगा और न ही दान या हस्तांतरण किया जा सकेगा। विधिक रूप से इस संपत्ति पर किसी भी प्रकार का प्रभार बनाना प्रतिबंधित है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान लेखपाल संजय चौधरी, जहीरुद्दीन, संग्रह अमीन रामफेर, कौलेश्वर पाण्डेय, सरजू पाण्डेय और संग्रह अनुसेवक अनिल ओझा सहित तहसील की टीम मौके पर मौजूद रही।