📅 Published on: October 25, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: जिले के इटवा थाना क्षेत्र के परसा बुजुर्ग गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। शराब के नशे में गाली-गलौज करने का विरोध करने पर कुछ दबंग युवकों ने एक 42 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के छोटे भाई को भी पीटकर घायल कर दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में तनाव और हड़कंप का माहौल है।
विवाद और हमले की पूरी घटना
परसा बुजुर्ग गांव के रहने वाले वंशीलाल (42) पुत्र मान सिंह शनिवार शाम अपने घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग नशे की हालत में वहां पहुंचे और बेवजह गाली-गलौज करने लगे।
वंशीलाल ने जब उनकी इस हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी आगबबुला हो गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने धारदार चाकू से वंशीलाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। भाई को बचाने के लिए जब छोटा भाई कमलेश बीच-बचाव करने आया, तो हमलावरों ने उसे भी पीटकर घायल कर दिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल वंशीलाल को इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कार्रवाई
वारदात की सूचना मिलते ही इटवा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इटवा थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।