Kapilvastupost
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित गौतम बुद्ध ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता (सीजन 4) में आज लखनऊ और चंडीगढ़ के बीच एकतरफा मुकाबला देखने को मिला।
लखनऊ ने अपनी घातक गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर चंडीगढ़ को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में शान से प्रवेश किया। अभय राज की गेंदबाजी के आगे ढेर हुई चंडीगढ़
टॉस जीतकर लखनऊ के कप्तान यशवर्धन ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, जो बिल्कुल सही साबित हुआ। चंडीगढ़ की टीम लखनऊ के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सकी और पूरी टीम 14.4 ओवर में महज 80 रनों पर सिमट गई। लखनऊ की ओर से अभय राज यादव ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। तुषार वर्मा ने 3, जबकि अमित और आशुतोष ने 1-1 विकेट लिया। चंडीगढ़ के कप्तान प्रखर तिवारी (30 रन) ही कुछ संघर्ष कर सके।
आशुतोष चौधरी की तूफानी बल्लेबाजी
81 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम ने मात्र 7.3 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। सलामी बल्लेबाज आशुतोष चौधरी ने विस्फोटक अंदाज में खेलते हुए महज 22 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए। आतफ ने 18 और समय त्रिवेदी ने 17 रनों का योगदान दिया।
अभय राज यादव को उनके शानदार 5 विकेट के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
मेहनत और ईमानदारी की पहचान है यह प्रतियोगिता: डॉ. सरफराज अंसारी
मैच के मुख्य अतिथि शोहरतगढ़ के मशहूर सर्जन डॉ. सरफराज अंसारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा गौतम बुद्ध ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता आज के समय में खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मंच बन चुकी है। यह आयोजन अपनी मेहनत, पारदर्शिता और खिलाड़ियों को प्रदान की जाने वाली विश्वस्तरीय सुविधाओं के लिए दूर-दूर तक जाना जाता है। ऐसे आयोजनों से ही ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का सही अवसर मिलता है।
इस अवसर पर सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।