📅 Published on: March 3, 2026
Kapilvastupost
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): जनपद के बढ़नी कस्बा स्थित पचपेड़वा तिराहे पर बुद्ध प्रतिमा स्थापित करने को लेकर सोमवार रात उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब तहसील प्रशासन ने निर्माणाधीन पीलर को हटवा दिया। प्रशासन का तर्क है कि उक्त स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव पहले से ही विचाराधीन है।
घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही तहसीलदार शोहरतगढ़ प्रकाश सिंह यादव और अधिशासी अधिकारी (EO) अजय कुमार मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाकर वहां बने पीलर को हटवा दिया। जैसे ही निर्माण कार्य रोके जाने की खबर फैली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए ढेबरुवा थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद और चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव ने स्पष्ट किया कि जिले में चार प्रमुख स्थानों पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने की योजना है, जिसमें बढ़नी का यह तिराहा भी प्रस्तावित है। चूंकि यहां पहले से ही एक योजना प्रस्तावित थी, इसलिए बिना अनुमति के किए जा रहे अन्य किसी भी निर्माण को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।