📅 Published on: March 3, 2026
Kapilvastupost
मिश्रौलिया, सिद्धार्थनगर।
जनपद के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर नदी किनारे एक 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। मृतक की पहचान अजीत उर्फ गोलू यादव (पुत्र चंद्र प्रकाश यादव) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
सोमवार शाम से लापता था युवक
परिजनों के मुताबिक, अजीत सोमवार शाम करीब 3 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बेटे के घर न पहुंचने पर पिता चंद्र प्रकाश यादव को लगा कि शायद वह बिना बताए मुंबई चला गया हो। इसी आशंका में उन्होंने शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी उसकी तलाश की, लेकिन वहां उसका कोई सुराग नहीं मिला।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण नदी की तरफ गए, तो उन्होंने पेड़ से लटकता हुआ शव देखा। पहचान उजागर होते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मिश्रौलिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।