📅 Published on: March 23, 2026
किसान, नौजवान, मजदूर सम्मेलन में गरजे नेता — “हर मोर्चे पर फेल है BJP सरकार
कपिलवस्तु पोस्ट
शोहरतगढ़ स्थित डॉ अंसारी हॉस्पिटल के निकट रविवार को आयोजित किसान, नौजवान, मजदूर सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जोरदार हमला बोला। सम्मेलन में किसानों, नौजवानों और मजदूरों की समस्याओं को केंद्र में रखते हुए आगामी चुनाव में सरकार बदलने का आह्वान किया गया।
पूर्व मंत्री व सांसद रामप्रसाद चौधरी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार से देश की जनता पूरी तरह परेशान है और हर मुद्दे पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष दो करोड़ बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार इस वादे को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। आज देश में 15 करोड़ नौजवान बेरोजगार हैं।
चौधरी ने कहा कि देश का किसान, नौजवान और बेरोजगार पीड़ित है — और जो पीड़ित है, वही **पीडीए** है। उन्होंने कहा कि देश की बड़ी पंचायत में अब जनता अखिलेश यादव को पहुँचाना चाहती है। पीड़ितों के उद्धार के लिए आगामी चुनाव में सरकार बदलना आवश्यक है।
शैलेंद्र यादव ने उठाए बुनियादी मुद्दे
पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव उर्फ ललई यादव ने कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें, खाद की किल्लत और रोजगार की समस्याएं सिर चढ़कर बोल रही हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज की एकजुटता से जनता के हित की लड़ाई लड़ने का समय आ गया है।
अमर सिंह चौधरी का ऐलान
पूर्व विधायक अमर सिंह चौधरी ने कहा कि किसान, नौजवान, महिला और मजदूर विरोधी इस सरकार को जनता आगामी चुनाव में करारा जवाब देगी।
विधायक सैयदा ख़ातून का आरोप
विधायक सैयदा ख़ातून ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज नहीं रह गया है। महिलाओं का अपमान और किसानों पर अत्याचार लगातार बढ़ रहा है। सरकार जनहितैषी नहीं बल्कि अडानी-अंबानी की पोषक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को हटाकर सपा की सरकार लाने की जरूरत है।
सम्मेलन में डॉ. वेद प्रकाश, जोखन यादव, घिसियावन यादव, राममिलन भारती, धर्मेंद्र सोलंकी, कमरुज्जमा, बकर खान,अलाउद्दीन, भोलू , प्रदीप, विभा शुक्ला, जावेद अहमद, बेचई यादव, पारस नाथ विश्वकर्मा, हरीराम यादव, रिंधू पासवान सहित बड़ी संख्या में किसान, नौजवान और मजदूर उपस्थित रहे।