बढ़नी: बीजेपी जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में मनोनीत सभासदों ने ली शपथ, विकास का संकल्प

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नी के नवनियुक्त मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। तहसील प्रशासन और सत्ताधारी दल के दिग्गजों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने नगर के विकास को नई गति देने का संदेश दिया।

एसडीएम ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ

नगर पंचायत कार्यालय के प्रांगण में आयोजित समारोह में एसडीएम शोहरतगढ़ ने शासन द्वारा मनोनीत तीनों सभासदों—त्रियुगी अग्रहरि, अनीता जायसवाल और मुन्नू मौर्या—को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने नव-मनोनीत सदस्यों को बधाई देते हुए कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ है। मनोनीत सभासदों की नियुक्ति से नगर पंचायत की कार्यक्षमता बढ़ेगी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ये सभी सदस्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करेंगे।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने कहा कि नए सदस्यों के आने से विकास कार्यों को और बल मिलेगा। नगर परिवार में नए सदस्यों का स्वागत है। एक अध्यक्ष के रूप में मुझे खुशी है कि अब हमारे पास अनुभवी और ऊर्जावान साथियों की टीम और बड़ी हो गई है। हम सब मिलकर बढ़नी को एक आदर्श नगर पंचायत बनाने के संकल्प को पूरा करेंगे। विकास कार्यों में अब और तेज़ी आएगी।

निज़ाम अहमद (चार बार के वरिष्ठ सभासद) राजनीति में पद से बड़ी जिम्मेदारी होती है। मनोनीत सदस्यों को मेरा यही सुझाव और सहयोग रहेगा कि वे जनता की बुनियादी समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाएं। चार बार के कार्यकाल में मैंने सीखा है कि जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है, और नए साथियों को इसी विश्वास पर खरा उतरना है।

युवा नेता राजू शाही ने कहा नगर की राजनीति में पदों से ज्यादा महत्वपूर्ण जनता का विश्वास होता है, जिसे मैंने अब तक के राजनितिक सफर  में महसूस किया है । आज मनोनीत हुए हमारे नए साथियों के आने से बढ़नी नगर पंचायत के विकास कार्यों को एक नई ऊर्जा और गति प्राप्त होगी।

सभी एकजुट होकर सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए संकल्पित हैं। हमारा एकमात्र लक्ष्य बढ़नी को एक आदर्श और सुविधायुक्त नगर के रूप में स्थापित करना है।

त्रियुगी अग्रहरि (मनोनीत सभासद) मैं पार्टी नेतृत्व और शासन का आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मेरी प्राथमिकता नगर की सफाई व्यवस्था और सड़कों के कायाकल्प पर रहेगी। मैं बिना किसी भेदभाव के हर नागरिक की आवाज़ बनूँगा।”

अनीता जायसवाल (मनोनीत सभासद) महिलाओं के सशक्तिकरण और वार्डों में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करना मेरा मुख्य उद्देश्य है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं और गरीब परिवारों तक पहुँचाने के लिए मैं निरंतर प्रयासरत रहूँगी।

मुन्नू मौर्या (मनोनीत सभासद) यह मेरे लिए गर्व का क्षण है। एक कार्यकर्ता से सभासद तक का यह सफर जिम्मेदारी भरा है। मैं एसडीएम साहब और जिलाध्यक्ष जी के मार्गदर्शन में नगर के रुके हुए विकास कार्यों को गति देने और जन-समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध हूँ।