श्री हरिराम शर्मा पब्लिक इंटर कॉलेज में मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह,संस्कार और कौशल पर फोकस

Kapilvastupost

खुनियांव, इटवा
श्री हरिराम शर्मा पब्लिक इंटर कॉलेज, सादड़ी खुनियाओं में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

शिक्षा के साथ संस्कार हैं अनिवार्य
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, भारत सरकार के पूर्व वैज्ञानिक एवं कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी टोंगा के एसोसिएट डीन डॉक्टर बेगराज सिंह ने अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान युग में शिक्षा जितनी जरूरी है, उससे कहीं अधिक बच्चों का संस्कारवान बनना आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास ही नहीं, बल्कि एक अच्छे इंसान की नींव रखती है और बच्चों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है।
कौशल विकास ही सफलता की कुंजी
विशिष्ट अतिथि और उपनिदेशक (राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय) डॉक्टर रघुवीर शर्मा ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को जीवन की महत्वपूर्ण सीख देने में स्कूल की भूमिका अतुलनीय है।

वहीं, कॉलेज के संस्थापक और राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक श्री हरिराम शर्मा ने भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। आज के समय में नेतृत्व, संवाद कौशल और टेक्नोलॉजी का ज्ञान होना समय की मांग है। हमारा विद्यालय कौशल विकास की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण पत्र और विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे और उनमें भविष्य में और बेहतर करने का संकल्प दिखा।
अनुशासन और सही रणनीति पर जोर
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. ठाकुर प्रसाद चौबे ने छात्रों को अनुशासन का महत्व समझाया, जबकि कॉलेज प्रबंधक डॉक्टर भास्कर शर्मा ने अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए सफलता के लिए सही रणनीति और नियमित परामर्श को अनिवार्य बताया।
मंच का संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. बलराम त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में डॉ. दिनेश कुमार, संजय मौर्य, सोनू तिवारी, दिलीप कुमार, शिल्पा शर्मा, शीतल शर्मा, मनोज कुमार गौतम, शशिकांत और अन्नू त्रिपाठी सहित कई गणमान्य व्यक्ति व अभिभावक उपस्थित रहे।