सिद्धार्थनगर: कांग्रेस कार्यालय पर धूमधाम से मनाई गई बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती

निज़ाम अंसारी 

सिद्धार्थनगर। जिला कांग्रेस कार्यालय पर आज भारत रत्न और भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भारी संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

संविधान से मिली हर वर्ग को ताकत: क़ाज़ी सुहेल अहमद

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने देश को एक ऐसा मजबूत संविधान दिया, जिसने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार और सुरक्षा प्रदान की। उन्होंने कहा, “बाबा साहेब ने दलितों, पिछड़ों और वंचितों को शिक्षा के महत्व से परिचित कराया और उन्हें मुख्यधारा में लाने का मार्ग प्रशस्त किया।”

सामाजिक समरसता और न्याय का लिया संकल्प

दलित कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार और जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह ‘अन्नू’ ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब के विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अम्बेडकर जी के बताए रास्ते पर चलते हुए एक न्यायपूर्ण और समतामूलक समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कांग्रेसजनों ने बाबा साहेब के आदर्शों को जीवन में उतारने और समाज में भाईचारा, एकता व न्याय की भावना को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।

इनकी रही गरिमामय उपस्थिति

इस अवसर पर मुख्य रूप से सुदामा प्रसाद, रियाज़ मनिहार, मोबीन खान, मुकेश कुमार चौबे, ओमप्रकाश दूबे, होरी लाल श्रीवास्तव, संतोष चौधरी, रितेश त्रिपाठी, शौकत अली, ज़ुबैर खान, राम नेवास गौतम, आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।