📅 Published on: November 19, 2026
Kapilvastu post
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही फायर स्टेशन की मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शोहरतगढ़ कस्बे से करीब तीन किलोमीटर दूर सेमरा गांव के पास प्रस्तावित भूमि का एसडीएम रवीश कुमार गुप्ता और तहसीलदार माघवेन्द्र प्रताप सिंह के साथ स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन और आवासीय भवन के निर्माण के लिए करीब पांच बीघा जमीन देखी गई।
निरीक्षण के बाद संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था को इसकी सूचना देते हुए राजस्व टीम के साथ जमीन का सीमांकन पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, शोहरतगढ़ क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली गई थी, लेकिन पहले चिह्नित की गई जमीन नए शासनादेश (अग्निशमन केंद्र के साथ आवासीय भवन निर्माण) के मानकों के अनुसार पर्याप्त नहीं थी। इसी वजह से दूसरी उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश एसडीएम को दिए गए थे। तहसील प्रशासन ने सेमरा के पास नई जमीन चिह्नित की, जिसका अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया। अब संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था की ओर से जमीन को अंतिम रूप दिए जाने के बाद फायर स्टेशन के निर्माण का रास्ता साफ हो सकेगा।
क्षेत्र में फायर स्टेशन शुरू होने से आगजनी की घटनाओं के दौरान आम लोगों, किसानों की फसलों और संपत्ति को होने वाले नुकसान को समय रहते रोकने में बड़ी मदद मिलेगी।