अंबाला में ट्रेन से गिरकर बर्डपुर के युवक की मौत, घर पहुंचते ही शव मचा कोहराम

Kapilvastupost
बर्डपुर (सिद्धार्थनगर): रोजी-रोटी की तलाश में घर से निकले एक युवक की अंबाला रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार सुबह जब युवक का शव उसके पैतृक गांव बर्डपुर नंबर चार के टोला माधोपुर पहुंचा, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
भीड़ बनी काल: जनरल कोच से गिरा युवक
जानकारी के मुताबिक, माधोपुर निवासी किस्मत अली (26) रविवार को अपने साथी अब्दुल गनी के साथ गोरखपुर से आम्रपाली एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर लुधियाना जा रहा था। ट्रेन जब अंबाला स्टेशन के पास पहुंची, तो कोच में अत्यधिक भीड़ होने के कारण संतुलन बिगड़ने से किस्मत अली नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अंबाला पुलिस ने शिनाख्त के बाद घटना की सूचना लुधियाना में रह रहे मृतक के भाइयों को दी। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार सुबह शव गांव लाया गया। मृतक के पिता हकीमुल्लाह ने बताया कि उनके दो बेटे पहले से लुधियाना में मजदूरी करते हैं, किस्मत भी उन्हीं के पास काम के लिए जा रहा था।
पीछे छूट गया मासूमों का परिवार
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। किस्मत अली अपने पीछे पत्नी सजरून्निशा और तीन मासूम बेटियों—ताइवा पांच वर्ष, अनम चार वर्ष और मात्र चार माह की अनाया को छोड़ गया है। पिता की मौत से अनजान मासूमों का चेहरा देख हर किसी की आंखें नम थीं।