सड़क हादसे में घायल युवक की मेडिकल कॉलेज में मौत, परिजनों में छाया मातम

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (पथरा बाजार): पथरा बाजार कस्बे के पास रविवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक ने सोमवार की शाम गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सेहरी बुजुर्ग गांव निवासी बंटू साहनी के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानवर को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सेहरी बुजुर्ग निवासी 30 वर्षीय बंटू साहनी पुत्र रामनाथ साहनी रविवार देर शाम अपनी बाइक से पथरा बाजार से घर लौट रहे थे। कस्बे के पश्चिम दिशा में स्थित एक गड्ढे के पास अचानक किसी जानवर को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए अपनी सरकारी गाड़ी से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल और फिर वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सोमवार की शाम इलाज के दौरान बंटू साहनी की मृत्यु हो गई।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।