जिले में गहराया तेल का संकट: 40% पंपों के ‘ड्राई’ होने का दावा,शोहरतगढ़ से बढ़नी तक एनएच-730 पर मचा हाहाकार

गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर/बढ़नी: जिले में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। डिपो से पर्याप्त आपूर्ति न मिलने के कारण जिले के दर्जनों पंप पूरी तरह से ‘ड्राई’ हो चुके हैं। स्थिति यह है कि कई पंपों पर सन्नाटा पसरा है, तो कहीं तेल पाने के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। शोहरतगढ़ में एनएच-730 पर स्थित तीनों प्रमुख पंपों पर बुधवार को तेल खत्म रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पंप मालिकों का आरोप है कि उन्होंने तेल के लिए एडवांस भुगतान कर दिया है, लेकिन फिर भी कंपनियों से सप्लाई नहीं मिल रही है। वहीं, जिला पूर्ति विभाग ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। विभाग के अनुसार जिले के लगभग 20% (24 पंप) ही ड्राई हैं, जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि 40% से अधिक पंपों पर तेल उपलब्ध नहीं है।

बढ़नी क्षेत्र में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है, सात किलोमीटर के अंदर चार में से तीन पंप ड्राई रहे भरौली पंप , बढ़नी कस्बा स्थित पंप और मढ़नी स्थित पंप ड्राई रहे ।

वहीं मलगहिया स्थित मां कठेला पंप पर देर रात तक तेल लेने के लिए सैकड़ों की संख्या में बाइक और कमर्शियल गाड़ियों की भीड़ लगी रही जहाँ भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस तक तैनात करनी पड़ी। अधिकारियों का कहना है कि वे कंपनियों के संपर्क में हैं और जल्द ही आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।