लड़की भगाने’ के दावे पर खूनी संघर्ष: मिश्रौलिया में दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, दो महिलाओं समेत तीन घायल

Kapilvastupost

पथरा बाजार (सिद्धार्थनगर): पथरा थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव में शुक्रवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब लड़की भगाने की बात को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और लात-घूसे चलने लगे। इस हिंसक झड़प में दो महिलाओं सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विवाद की मुख्य वजह
घटना की शुरुआत भग्गोभार बाजार से हुई। पीड़ित मग्घू प्रसाद के अनुसार, उनका भतीजा विकास शुक्रवार को बाजार गया था। वहां गांव के ही धीरज नामक युवक ने विकास को रोक लिया और कथित तौर पर यह कहकर उकसाया कि वह उनके ‘जाति की लड़की’ भगाकर लाया है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। इस आपत्तिजनक टिप्पणी ने विवाद का रूप ले लिया।
घर पर हुआ हमला
बाजार में हुई कहासुनी के बाद रात में तनाव और बढ़ गया। आरोप है कि धीरज, सूरज, कुसुम और शिवपूजन ने गोलबंद होकर मग्घू प्रसाद के परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में मग्घू, नीतू और दुर्गावती को काफी चोटें आई हैं।
पुलिसिया कार्रवाई
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद हमलावर वहां से हट गए। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।