📅 Published on: April 19, 2026
गुरु जी की कलम से
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बढ़नी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत ‘ओरल हेल्थ कैंप’ एवं ‘जन स्वास्थ्य शिविर’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक विनय वर्मा उपस्थित रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
जनता से सीधा संवाद और अधिकारियों को निर्देश
शिविर के दौरान विधायक ने उपस्थित जनता से सीधा संवाद कर उनकी स्वास्थ्य समस्याओं को सुना। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मौके पर मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रजत कुमार चौरसिया को त्वरित निस्तारण हेतु कड़े निर्देश दिए। विधायक ने जोर देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता हर नागरिक को सुलभ और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है।
चिकित्सकीय स्टालों का निरीक्षण एवं ‘गोद-भराई’ विधायक विनय वर्मा ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टालों का सूक्ष्म निरीक्षण किया और दवाओं की उपलब्धता व जाँच मशीनों की जानकारी ली। कार्यक्रम में उन्होंने दो गर्भवती महिलाओं की ‘गोद-भराई’ रस्म में प्रतिभाग कर उन्हें पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आशीर्वाद दिया।
विशेषज्ञों की टीम ने दी सेवाएं शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक बड़ी टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। इसमें महामारी विशेषज्ञ समीर सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, डॉ. एस.के. भारती (स्त्री रोग), डॉ. शिवानी सिंह (दंत रोग), और डॉ. अर्जुन यादव सहित कई अनुभवी चिकित्सकों ने परामर्श दिया।
इस अवसर पर एमओआईसी डॉ. अविनाश चौधरी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. ए.के. आजाद, डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष अग्रहरि, विवेक गुप्ता, दुर्गेश पाण्डेय सहित भारी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।