📅 Published on: April 27, 2026
सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ शादी के महज दो साल के भीतर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
गुरु जी की कलम से
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम संसरी के टोला करूआ में सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ राजेश यादव की पत्नी मंजू उर्फ लाली की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मौत हो गई। घटना के बाद से ही गांव में मातम और तनाव का माहौल है।
कमरे में मिला झुलसा हुआ शव, बाहर से बंद था दरवाजा
जानकारी के अनुसार, मृतका मंजू का शव उनके दूसरे मकान के एक कमरे में मिला। परिजनों ने घटना की जानकारी मिलते ही शव को कपड़े से ढक दिया और कमरे को बाहर से बंद कर मायके वालों के आने का इंतजार करने लगे। करीब दो घंटे बाद सूचना मिलने पर ढेबरुआ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा खोलकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
सास का बयान: ‘नहाने-धोने गई थी बहू, अचानक लग गई आग’
मृतका की सास शुभावती के मुताबिक, सोमवार सुबह मंजू मंजन और अन्य कार्यों के लिए दूसरे मकान में गई थी, जहां अचानक कमरे में आग लग गई। उन्होंने बताया कि उस वक्त घर के सभी पुरुष सदस्य बाहर थे—पति राजेश ट्रैक्टर लेकर मिट्टी गिराने गया था, देवर मोहित भैंस चराने और ससुर राजेंद्र दूध बेचने गए थे।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप
इधर, मृतका की मां कपूरा देवी (निवासी ग्राम दुबौलिया, थाना चिल्हिया) ने ससुराल पक्ष पर उनकी बेटी को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि मंजू की शादी 18 अप्रैल 2024 को धूमधाम से राजेश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे थे।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं ताकि यह साफ हो सके कि यह आत्महत्या है या हत्या।
पुलिस का कहना: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।