सिद्धार्थनगर: शादी की खुशियों में खलन, महिलाओं से अभद्रता का विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला, चार घायल

Kapilvastupost
त्रिलोकपुर (सिद्धार्थनगर): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र स्थित छगडिहवा गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महिलाओं के साथ हो रही अभद्रता का विरोध करने पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। इस मारपीट में एक ही पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, इटवा थाना क्षेत्र के फरेंदा गांव निवासी **विनोद कुमार यादव** मंगलवार को अपने चाचा राजेश कुमार के साथ छगडिहवा गांव में एक रिश्तेदार तुलसीराम यादव के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे।
बारात विदाई से पहले पारंपरिक **’रास’** की रस्म निभाई जा रही थी। बैंड-बाजे के साथ लोग काली माता मंदिर की ओर जा रहे थे, तभी गांव का एक युवक महिलाओं के बीच घुसकर नाचने लगा और उनका वीडियो बनाने लगा। महिलाओं के साथ हो रही इस अभद्रता और असहज स्थिति को देखते हुए विनोद यादव ने उक्त युवक को टोकते हुए विरोध जताया। उस समय तो युवक वहां से चला गया, लेकिन रंजिश पाल ली।
लाठी-डंडों से किया जानलेवा हमला
पीड़ित विनोद कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात करीब 8 बजे जब वे राछ की रस्म से वापस लौटे, तभी वही युवक अपने अन्य साथियों के साथ आ धमका। आरोपियों ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अचानक लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
इस हमले में विनोद यादव के साथ-साथ बीच-बचाव करने पहुंचे **अमन यादव, राजेंद्र यादव और शिवराज** भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ-साथ जान से मारने की धमकी भी दी है।
पुलिस का पक्ष
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में **थानाध्यक्ष चन्द्रकांत पांडेय** ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। हालांकि, वर्तमान में दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौते की बातचीत चल रही है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई के लिए जोर नहीं दिया जा रहा है।