📅 Published on: May 2, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जनपद के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलहिया चौराहे के निकट कांशीराम आवास के पास स्थित पानी की टंकी पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। टंकी पर चढ़ने के दौरान सीढ़ी अचानक भरभराकर टूट गई, जिससे पांच युवकों में से तीन नीचे जा गिरे, जबकि दो युवक टंकी के ऊपर ही फंसे रह गए।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पांच युवक पानी की टंकी पर चढ़ रहे थे, तभी अचानक टंकी की सीढ़ी टूट गई। इस हादसे में तीन युवक सीधे नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। शेष दो युवक टंकी के ऊपर फंसे रह गए, जिन्हें उतारने के लिए बचाव दल प्रयासरत है।
एक की मौत, दो की हालत नाजुक
घायल तीनों युवकों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। शेष दो की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
प्रशासन और बचाव दल मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM), अपर जिलाधिकारी (ADM) और पुलिस अधीक्षक (SP) भारी पुलिस बल और राहत-बचाव दल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रशासन टंकी के ऊपर फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटा है। स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर है।
जर्जर ढांचों पर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर सरकारी आवासीय योजनाओं में बनी जर्जर संरचनाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस टंकी की सीढ़ी काफी समय से जर्जर अवस्था में थी, लेकिन मरम्मत की कोई व्यवस्था नहीं की गई।