📅 Published on: May 2, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर (यूपी): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सरकारी राशन वितरण में धांधली को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बर्डपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत भगवानपुर में कार्ड धारकों को कम राशन देने और अन्य अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित कोटेदार की दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जांच में खुली पोल, कोटा हुआ निलंबित
मामला ग्राम पंचायत भगवानपुर का है, जहां कोटेदार श्रीमती सोनम के खिलाफ कार्ड धारकों ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक ने 23 अप्रैल को मौके पर पहुंचकर जांच की। ग्रामीणों के लिखित बयान और औचक निरीक्षण में यह पाया गया कि लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न दिया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही पर जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने दुकान का अनुबंध पत्र निलंबित कर दिया।
120 कुंतल खाद्यान्न गायब, नई कोटेदार ने उठाई आवाज
निलंबन के बाद भगवानपुर के कोटे को बर्डपुर नंबर-5 की कोटेदार श्रीमती कंचन देवी से संबद्ध (लिंक) किया गया। हालांकि, अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है। नई कोटेदार कंचन देवी ने जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र लिखकर सूचित किया है कि निलंबित कोटेदार सोनम ने उन्हें 120 कुंतल खाद्यान्न हस्तगत नहीं कराया है। खाद्यान्न की इस बड़ी कमी के कारण लाभार्थियों को राशन बांटने में गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
प्रशासन की चेतावनी: होगी कानूनी कार्रवाई
इस मामले पर जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि आरोपी कोटेदार सोनम से 15 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। खाद्यान्न कम उपलब्ध कराने की शिकायत पर उन्होंने कहा कि यदि इसकी पुष्टि होती है, तो आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अनियमितताएं मिलने पर भगवानपुर की कोटेदार का अनुबंध निलंबित किया गया है। खाद्यान्न कम देने की शिकायत प्राप्त होते ही आरोपी कोटेदार के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” > — देविंद्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, सिद्धार्थनगर