## जंतर-मंतर पर CJP का बड़ा प्रदर्शन कल: अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत के लिए रवाना; रोक लगाने वाली याचिका पर हाईकोर्ट का तुरंत सुनवाई से इनकार

गुरु जी की कलम से

नई दिल्ली
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कल यानी 6 जून को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का एक बड़ा विरोध प्रदर्शन होने जा रहा है। इस प्रदर्शन को रोकने के लिए ‘सेव इंडिया फाउंडेशन’ नामक संगठन ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन कोर्ट से संगठन को बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने इस याचिका पर तुरंत सुनवाई करने से साफ इनकार कर दिया है और कहा है कि याचिका पर तय समय के मुताबिक ही सुनवाई की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का हवाला
सेव इंडिया फाउंडेशन द्वारा दायर इस याचिका में मांग की गई थी कि जंतर-मंतर पर होने वाले इस आंदोलन में सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय की गई गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। हालांकि, कोर्ट ने इस मामले में कोई भी जल्दबाजी दिखाने से मना कर दिया है।

बिना पुलिस अनुमति के जुटेंगे समर्थक, अमेरिका से रवाना हुए दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके इस प्रदर्शन की अगुवाई करने के लिए अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं और 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे। दिल्ली लैंड करने के बाद वह सीधे जंतर-मंतर पर अपने समर्थकों के साथ मोर्चा संभालेंगे।
हैरानी की बात यह है कि इस बड़े विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अभी तक कोई आधिकारिक इजाजत नहीं ली गई है। अमेरिका से निकलते वक्त दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा: “भारत के लिए निकल गया हूं। मैं अपना भविष्य संविधान के हाथों में छोड़ता हूं। जय भीम।”
फिलहाल सुरक्षा कारणों या अन्य वजहों से इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि वह कौन सी फ्लाइट से और कितने बजे दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे।
पहले भी हाईकोर्ट से फटकार खा चुका है याचिकाकर्ता संगठन
यह पहला मौका नहीं है जब ‘सेव इंडिया फाउंडेशन’ की याचिका पर सवाल उठे हों। इसी साल फरवरी महीने में दिल्ली हाईकोर्ट ने इस संगठन को कड़ी फटकार लगाई थी। कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि यह संगठन मस्जिदों, दरगाहों और वक्फ संपत्तियों पर अतिक्रमण का आरोप लगाकर बार-बार फर्जी जनहित याचिकाएं (PIL) दायर करता है। कोर्ट ने इसे न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग और सांप्रदायिक तनाव भड़काने का जरिया बताते हुए संगठन को आड़े हाथों लिया था।