📅 Published on: June 21, 2026
Kapilvastupost
**भवानीगंज (सिद्धार्थनगर)।**
थाना क्षेत्र के भानपुर मस्जिदिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो भाइयों के आपसी विवाद को शांत कराने पहुंचे एक पड़ोसी की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल अधेड़ ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।
क्या है पूरा मामला?
भानपुर मस्जिदिया गांव के निवासी किस्मत अली उर्फ भांटे के दो बेटों के बीच शुक्रवार की रात किसी बात को लेकर हिंसक विवाद हो रहा था। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले **रामसरन यादव उर्फ तिलठु (55)** बीच-बचाव करने और मामला शांत कराने वहां पहुंचे।
आरोप है कि झगड़े से आक्रोशित भाइयों ने उल्टा रामसरन यादव पर ही जानलेवा हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से किए गए इस हमले में रामसरन का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल रामसरन को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेंवा ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बस्ती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। शनिवार को जब डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ रेफर किया, तो वहां ले जाते समय रास्ते में ही रामसरन ने दम तोड़ दिया।
**पूर्व विधायक ने बंधाया ढांढस:** मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए निष्पक्ष न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
* **सीओ डुमरियागंज, बृजेश वर्मा* ने बताया: “भानपुर मस्जिदिया प्रकरण में पीड़ित पक्ष की ओर से भवानीगंज थानाध्यक्ष को तहरीर मिल चुकी है। संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”