📅 Published on: June 30, 2026
गुरु जी की कलम से
*सिद्धार्थनगर (डुमरियागंज)।
सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की माँ ने पति समेत परिवार के 6 सदस्यों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
**शादी के बाद से ही प्रताड़ना का आरोप**
जानकारी के अनुसार, मृतका आसरा खातून की शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। मृतका की माँ का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति मोहम्मद कयूम, सास, ससुर, जेठ और देवर ने मिलकर उनकी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर दी।
**पुलिस ने शुरू की मामले की जांच**
इस दर्दनाक घटना के बाद पीड़िता की माँ ने डुमरियागंज थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर को संज्ञान में लेते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।