रेस्टोरेंट में परिवार के साथ खाना खा रहे युवक पर हमला और मारपीट, आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज

Kapilvastupost

डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर): क्षेत्र के बैदौला में बांसी रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट में परिवार के साथ भोजन कर रहे एक युवक के साथ दबंगों द्वारा मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद दहशत में है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव निवासी फुरकान अहमद पुत्र निसार अहमद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 14 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने परिवार के साथ बैदौला स्थित एक रेस्टोरेंट में बैठकर खाना खा रहा था।

पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के परसा कुतुब गांव निवासी फिरदौस आलम पुत्र मोहम्मद जफर अपने 6-7 अज्ञात साथियों के साथ दो कारों से वहां पहुंचा।

बच्चों के सामने शुरू की अभद्रता और मारपीट

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने वहां पहुंचते ही पीड़ित के बच्चों, उसके साढ़ू के बच्चों और साले के बच्चों के साथ बेतुकी बातें कर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब फुरकान अहमद ने इसका विरोध किया, तो आरोपितों ने तैश में आकर उसे घेर लिया और हाथ-मुक्कों व थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया।

पीड़ित का कहना है कि उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई, जिस पर कुछ लोग मौके की तरफ जुटने लगे। भीड़ को इकट्ठा होते देख आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना

पीड़ित फुरकान अहमद ने पुलिस को बताया कि इस पूरी घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज रेस्टोरेंट में लगे कैमरों में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड है, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सकता है। घटना के बाद से पूरा परिवार सहमा हुआ है।

पुलिस का बयान

मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी (CO) बृजेश वर्मा ने जानकारी दी है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रतीकात्मक फोटो