📅 Published on: July 10, 2026
गुरु जी की कलम से
**त्रिलोकपुर/सिद्धार्थनगर।**
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 28 वर्षीय कलयुगी चाचा ने अपनी ही 6 साल की मासूम भतीजी को अपनी हवस का शिकार बना डाला। इस अमानवीय कृत्य के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया है।
खेत गए थे माता-पिता, सूने घर का उठाया फायदा
जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक घटना बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे की है। मासूम बच्ची के माता-पिता काम के सिलसिले में खेत पर गए हुए थे। घर में सिर्फ 6 वर्षीय मासूम और उसका भाई मौजूद थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी चाचा ने मासूम को बहला-फुसलाकर घर की छत पर ले गया और उसके साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
भाई के पहुंचने पर भागा दरिंदा, मेडिकल कॉलेज में भर्ती मासूम
छत पर जब मासूम ने दर्द से चीखना-चिल्लाना शुरू किया, तो उसका भाई आवाज सुनकर दौड़ते हुए छत पर पहुंचा। भाई को देखते ही आरोपी चाचा वहां से रफूचक्कर हो गया। परिजनों को जब इस बात की भनक लगी तो घर में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही त्रिलोकपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और खून से लथपथ पीड़िता को तत्काल **माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर** में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस का बयान: जल्द सलाखों के पीछे होगा आरोपी “घटना के संबंध में संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें गठित कर फरार आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।”
**हरे कृष्ण उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक (त्रिलोकपुर)**