📅 Published on: July 11, 2026
देवेन्द्र श्रीवास्तव
उसका बाजार (सिद्धार्थनगर)।
शनिवार को उसका पुलिस ने स्थानीय नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सख्ती दिखाई। यह अभियान उसका राजा स्थित पुलिस पिकेट, स्टेट बैंक तिराहा और यूनियन बैंक शाखा के पास चलाया गया।
**कागजातों की जांच और हेलमेट पर सख्ती**
अभियान का नेतृत्व कर रहे उप निरीक्षक अरविंद कुमार द्विवेदी ने उसका राजा पुलिस पिकेट पर बिना हेलमेट और तेज रफ्तार में चल रहे वाहनों को रोककर उनकी सघन चेकिंग की। इस दौरान वाहनों के रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस (DL), और बीमा आदि दस्तावेजों की वैधता जांची गई।
चेकिंग के दौरान कई ऐसे वाहन चालक भी मिले जो हेलमेट सिर पर लगाने के बजाय गाड़ियों में लटका कर चल रहे थे। पुलिस ने इन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए तुरंत हेलमेट पहनने के निर्देश दिए।
**बेतरतीब पार्किंग पर लगी क्लास**
सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने वाले वाहन स्वामियों को भी पुलिस ने सख्त हिदायत दी। उप निरीक्षक ने कहा कि सड़कों पर लापरवाही से गाड़ियां खड़ी करने के कारण जाम की स्थिति पैदा होती है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
“सड़क नियमों की अनदेखी न करें, सुरक्षित चलने में ही यात्रा का आनंद है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। नगर के भीड़भाड़ वाले और प्रमुख चौराहों पर आवागमन व्यवस्था को सुधारने के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।”
**अरविंद कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक**