सिद्धार्थनगर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, बहन का हाल पूछने अस्पताल जा रही थी मृतका

कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के चैनपुर चौराहे के पास की घटना; पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Kapilvastupostसिद्धार्थनगर।

कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के चैनपुर चौराहे के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बर्डपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतक महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

अस्पताल में भर्ती बहन को देखने जा रही थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के मधुबेनिया चौराहा निवासी शीला देवी (45 वर्ष), पत्नी शिव नारायण अग्रहरि, अपनी छोटी बहन गुड़िया को देखने जा रही थीं। गुड़िया नेपाल के दोहनी की रहने वाली हैं और चैनपुर स्थित एक निजी अस्पताल में उनकी सर्जरी हुई थी। शीला देवी नेपाल निवासी राहुल के साथ बाइक पर सवार होकर अस्पताल के लिए निकली थीं।

​बाइक जैसे ही बर्डपुर से आगे चैनपुर चौराहे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शीला देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

नेपाल का निवासी बताया जा रहा बाइक चालक

टक्कर मारने वाला बाइक चालक भी नेपाल का निवासी बताया जा रहा है। उसकी ससुराल कटया में है और वह किसी काम से बर्डपुर बाजार आया था। बाजार से लौटते समय यह हादसा हुआ।

परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। मृतका शीला देवी अपने पीछे तीन पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं। हादसे की सूचना पर शुद्धोधन चौकी पुलिस और कपिलवस्तु कोतवाली प्रभारी विनय प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

​पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।