📅 Published on: September 5, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जिले के इटवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शोहरतगढ़ विधानसभा के पटना विशुनपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 30 वर्षीय संविदा कर्मी संजोग यादव उर्फ साहुल यादव की मौत हो गई। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
लोहे का पाइप उठाते समय हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, संजोग यादव गांव में एक सांप को मारने के लिए लोहे का पाइप उठा रहे थे। इसी दौरान पाइप अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से टकरा गया। पाइप में तेज करंट उतरने के कारण संजोग यादव उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा लेकर पहुँचे। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इटवा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई कर रही है।
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक संजोग यादव अपने पीछे चार साल की बेटी और दो साल के बेटे को छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। संविदा कर्मी की अचानक हुई इस असामयिक मौत से पूरे पटना विशुनपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।