हिंदुस्तान चिकित्सक सम्मान 2026: चिकित्सकों के सेवा-समर्पण को सलाम; सिद्धार्थनगर के डॉ. विमल द्विवेदी और डॉ. सुशांत जायसवाल भी हुए सम्मानित
📅 Published on: September 7, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर
पूर्वांचल में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने और मरीजों के प्रति अद्वितीय सेवा, समर्पण व संवेदनशीलता के लिए चिकित्सकों को ‘हिंदुस्तान’ अखबार की ओर से सम्मानित किया गया। तारामंडल स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित भव्य ‘हिंदुस्तान चिकित्सक सम्मान 2026’ समारोह में गोरखपुर और बस्ती मंडल के उत्कृष्ट चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सिद्धार्थनगर जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विमल कुमार द्विवेदी और डॉ. सुशांत कुमार जायसवाल को भी उनके सराहनीय योगदान व उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल रहीं मुख्य अतिथि
समारोह की मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता मौजूद रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा:
“मरीज के लिए डॉक्टर आशा की किरण होते हैं। संकट के समय में चिकित्सक जिस समर्पण के साथ सेवा करते हैं, वह अतुलनीय है। पिछले 12 वर्षों में देश में स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 384 से बढ़कर 820 हो गई है और पीजी सीटों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे सम्मान समारोह चिकित्सकों के मनोबल को बढ़ाने का काम करते हैं।”


