📅 Published on: September 6, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर, सदर/जगदीशपुर खुर्द। सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर मोहल्ला (काशीराम आवास के पास) में रविवार सुबह करीब 9:30 बजे पुराने जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। पड़ोसी पक्ष द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में 47 वर्षीय रामशंकर पुत्र बंशी प्रसाद के सीने में गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
अदालत में लंबित था मामला, कब्जे को लेकर हुआ विवाद मृतक के परिजनों के अनुसार, रामशंकर का पड़ोसी अतुल दुबे और देवेश धर दुबे से जमीन को लेकर लंबे समय से पुराना विवाद चल रहा था। यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। रविवार सुबह विवादित जमीन पर कब्जे की नीयत को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि अतुल दुबे पक्ष की ओर से असलहे से अंधाधुंध फायर झोंक दिया गया। गोली सीधे रामशंकर के सीने में जा धंसी और वे जमीन पर गिर पड़े।
तीन हिरासत में, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा साक्ष्य एकत्र किए। गांव में उपजे तनाव को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का बयान सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नवीन सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद में गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले में अतुल दुबे पक्ष से जुड़े तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य शूटर की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।