सिद्धार्थनगर में श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती; प्रभातफेरी, ध्वजारोहण और स्वच्छता अभियान के विविध कार्यक्रम आयोजित
📅 Published on: October 3, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सिद्धार्थनगर जिलेभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, अदालतों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों तथा जिला कारागार में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया और उनके बताए सत्य, अहिंसा व सादगी के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कलक्ट्रेट व प्रमुख कार्यालयों में ध्वजारोहण
कलक्ट्रेट भवन पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव, डॉ. ज्ञानप्रकाश सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
विकास भवन व कार्यालय: विकास भवन में सीडीओ बलराम सिंह, नगर पालिका सिद्धार्थनगर में अध्यक्ष गोविंद माधव, बीएसए कार्यालय में शैलेश कुमार, जिविनि कार्यालय में अरुण कुमार तथा कृषि भवन पर राजेश कुमार ने झंडारोहण किया।
न्यायालय परिसर: जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजय कुमार श्रीवास्तव तृतीय की अध्यक्षता में जनपद न्यायालय में कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।
अस्पतालों में फल वितरण: माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों के बीच प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन, सीएमओ डॉ. संजय कुमार दोहरे तथा सीएमएस डॉ. एसएन उपाध्याय की उपस्थिति में फल व मिठाइयां बांटी गईं।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय व शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक आयोजन
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में कुलपति प्रो. कविता शाह ने ध्वजारोहण कर पुष्पांजलि अर्पित की। विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन, व्यक्तित्व व कृतित्व पर विचार प्रस्तुत किए।

इसके अलावा, राजा रतन सेन डिग्री कॉलेज बांसी में प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह, खैर टेक्निकल इंटर कॉलेज, रफी मेमोरियल इंटर कॉलेज, पीएम श्री विद्यालय तथा श्री गुरु नानक एकेडमी सहित विभिन्न विद्यालयों में ध्वजारोहण, प्रभातफेरी और संकल्प सभाओं का आयोजन किया गया।
जिला कारागार में गूंजा सत्य और अहिंसा का संदेश
जिला कारागार सिद्धार्थनगर में जेल अधीक्षक सचिन वर्मा के नेतृत्व में गरिमापूर्ण वातावरण में जयंती मनाई गई।
कारागार परिसर में महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद बंदियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों से प्रेरणा लेकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।
जेल अधीक्षक ने बंदियों से अपनी गलतियों से सीखकर अनुशासन, आत्मसंयम और सद्भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जेलर राम सिंह यादव, डिप्टी जेलर मुकेश प्रकाश, अजीत चंद, महेश सिंह सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
तहसीलों, नगर पंचायतों व मलिन बस्तियों में स्वच्छता अभियान
डुमरियागंज, इटवा, बिस्कोहर और बांसी क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
डुमरियागंज: सपा विधायक सैयदा खातून, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम विवेकानंद मिश्रा और बीडीओ ओम प्रकाश गुप्ता ने अपने-अपने परिसरों में राष्ट्रपिता को नमन किया।
स्वच्छता अभियान: नगर पंचायत इटवा के तत्वावधान में कमदा लालपुर स्थित मलिन बस्ती में नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल तथा कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।



