📅 Published on: October 4, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर के शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता की शिकायत पर थाने और पुलिस अधीक्षक स्तर से कोई कार्रवाई न होने के बाद मामला न्यायालय में पहुंचा था।
घटना के करीब 57 दिन बाद अदालत के निर्देश पर पुलिस ने विक्रम, बहाऊ, राधिका, बीना, फिरोज, खुशी और दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
महिला के अनुसार, 6 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह शौच के लिए जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में विक्रम और बहाऊ ने उसे रोक लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला द्वारा विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और इस दौरान उसका ब्लाउज भी फाड़ दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के आने की आशंका से दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।
शिकायत करने पर घर में घुसकर लाठी-रॉड से हमला
घटना की जानकारी मिलने के बाद जब महिला के पति ने आरोपियों के घर पहुंचकर विरोध जताया, तो उन्हें धमकी दी गई। आरोप है कि इसके बाद सातों आरोपी लाठी और रॉड लेकर पीड़िता के घर पहुंच गए। उन्होंने घर में घुसकर महिला और उसकी बेटियों के साथ मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर पीड़िता और उसके परिवार को बचाया।
पुलिस की लापरवाही, कोर्ट के रुख के बाद कार्रवाई
पीड़िता ने सबसे पहले संबंधित थाने और फिर पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक-हारकर महिला ने न्यायालय में अर्जी दाखिल की। 25 अगस्त को अर्जी दाखिल होने के बाद अदालत ने कड़ा रुख अपनाया और उसके आदेश पर 2 अक्टूबर को पुलिस ने सातों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।