चिल्हिया में पंचायत भवन चोरी का 24 घंटे में खुलासा, ई-रिक्शा कूड़ा गाड़ी और इनवर्टर-बैटरी के साथ आरोपी गिरफ्तार

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। चिल्हिया थाना क्षेत्र के गौरा बाजार अलीदापुर स्थित पंचायत भवन में हुई चोरी की घटना का पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।

2/3 अक्टूबर की रात हुई थी चोरी

जानकारी के अनुसार, बीते 2/3 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने गौरा बाजार अलीदापुर स्थित पंचायत भवन को निशाना बनाया था। चोर वहां से ई-रिक्शा कूड़ा गाड़ी, इनवर्टर, बैटरी और छोटा गैस सिलेंडर चुरा ले गए थे। घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर चिल्हिया थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए चिल्हिया थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम को लगाया गया था। पुलिस टीम ने सुरागकशी व मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए साड़ी तिराहा से हाइडिल तिराहा जाने वाले मार्ग पर कब्रिस्तान के पास से आरोपी अमन चौधरी (निवासी अलीदापुर, थाना चिल्हिया) को गिरफ्तार कर लिया।

चोरी का सामान बरामद, भेजा गया जेल

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई एक ई-रिक्शा कूड़ा गाड़ी, दो बैटरी और एक इनवर्टर बरामद कर लिया है। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में संबंधित सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है।