बढ़नी में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, इलाके में सनसनी

Kapilvastupost

बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत भावपुर उर्फ गुलरी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास मिला शव

ग्रामीणों के अनुसार, यह घटना रविवार रात की मानी जा रही है। सोमवार सुबह क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। सुबह करीब साढ़े सात बजे जब बारिश थमी, तब ट्रैक के किनारे गुजर रहे ग्रामीणों की नजर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े शव पर पड़ी।

मृतक की पहचान हैदर (पुत्र अतीउल्लाह उर्फ घिराऊ), निवासी भावपुर उर्फ गुलरी, थाना ढेबरुआ के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन बेटों और एक बेटी का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही ढेबरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।

थानाध्यक्ष चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का लग रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और आगे की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।