📅 Published on: October 7, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश): सिद्धार्थनगर जिले के शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। नदाँव गांव में 18 वर्षीय एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बचपन से रिश्तेदार के घर रह रहा था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 18 वर्षीय शिवम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के देवरा बाजार निवासी राजेश का पुत्र था। शिवम बचपन से ही अपनी नानी/दादी की बहन, करीब 72 वर्षीय पार्वती के पास शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के नदाँव गांव में रहकर पला-बढ़ा था।
दरवाजा तोड़कर शव को बेड पर उतारा परिजनों ने
परिजनों ने बताया कि आज अचानक शिवम ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फांसी के फंदे से झूल गया। काफी देर तक आहट न मिलने पर जब परिजनों ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा और शिवम को फंदे से नीचे उतारकर बेड पर रखा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, गांव में शांति
घटना की सूचना मिलते ही शिवनगर डिड़ई थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मोबाइल और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की विधिक कार्रवाई में जुटी है। गांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण बनी हुई है।