सिद्धार्थ नगर – पानी में पत्थर फेंकने पर विवाद, लाठी-डंडे और चाकू से हमला; तीन घायल
📅 Published on: October 7, 2026
मछली पकड़ने के विवाद में घर में घुसकर हमला, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मोहाना: रोहुआडीला में मारपीट, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप
पीड़ित ने जान से मारने की धमकी का भी लगाया आरोप, पुलिस कर रही जांच
Kapilvastupost
बर्डपुर।सिद्धार्थ नगर ** मछली पकड़ने के दौरान हुए विवाद में घर में घुसकर लाठी-डंडे, चाकू और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में मोहाना थाना पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहाना थाना क्षेत्र के रोहुआडीला गांव के टोला उमरानगर निवासी कमलेश की तहरीर के अनुसार, चार अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे उसके परिवार के राम व पवन गांव के पास मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान पानी में पत्थर फेंकने को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से उनका विवाद हो गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपित लाठी-डंडे, चाकू और धारदार हथियार लेकर उसके घर पहुंच गए। पीड़ित का आरोप है कि जान बचाने के लिए वह पड़ोसी प्रदीप चौधरी के घर में छिप गया, लेकिन आरोपित वहां भी पहुंच गए और हमला कर दिया। मारपीट में प्रदीप चौधरी की पत्नी समेत तीन लोगों के घायल होने की बात कही गई है।
घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
A I images


