विश्व गुरु वाले देश में पढ़िए गरीब जिला सिद्धार्थनगर की खबर : “पुल नहीं तो वोट नहीं!” उस्का ब्लॉक के कटहा में ग्रामीणों ने फूंका चुनाव बहिष्कार का बिगुल

लंबे समय से उपेक्षा से आक्रोशित कटहा ग्रामसभा के लोग, हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर प्रदर्शन जारी

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। जनपद के उस्का ब्लॉक अंतर्गत कटहा ग्रामसभा में पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब दे चुका है। सालों से आवागमन की गंभीर समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए एकजुट होकर “पुल नहीं तो वोट नहीं” के नारे के साथ आगामी चुनाव का पूर्ण बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है।

आवागमन की समस्या से बेहाल, जनप्रतिनिधियों से निराशा

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पुल न होने के कारण रोजमर्रा के कामों, स्कूली बच्चों की पढ़ाई और आपातकालीन चिकित्सा स्थितियों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार जन प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बार-बार मिल रहे केवल खोफले आश्वासनों से तंग आकर अब वे आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

बैनर लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण

विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा हाथ में विरोध का बैनर लेकर एकजुट हुए। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन को सीधा संदेश दिया है कि जब तक पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक वे अपने चुनाव बहिष्कार के फैसले पर अडिग रहेंगे।

अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों के इस तल्ख तेवर और चुनाव बहिष्कार के अल्टीमेटम के बाद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि नींद से जागते हैं या यह मांग फिर कागजों में सिमट कर रह जाएगी।

ग्रामीणों की मुख्य मांग: कटहा ग्रामसभा में तुरंत पुल का निर्माण स्वीकृत हो, आवागमन की सालों पुरानी बाधा दूर हो और गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ा जाए।