📅 Published on: October 10, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर: जनपद सिद्धार्थनगर के क्रिकेट जगत के लिए एक बेहद गर्व और हर्ष का विषय सामने आया है। गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों—अरुष ओझा, सौम्या शुक्ला और माही मिश्रा का चयन प्रतिष्ठित सीबीएसई नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए हुआ है। ये तीनों खिलाड़ी गंगा नेशनल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्रा हैं, जो तमिलनाडु के मदुरई में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंडर-19 आयु वर्ग की टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इन खिलाड़ियों ने 17 से 23 सितंबर के दौरान प्रयागराज में आयोजित जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट में अपने बेहतरीन खेल और शानदार प्रदर्शन के दम पर ईस्ट जोन की टीम में अपनी जगह पक्की की।
कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम
यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति उनके अटूट समर्पण को दर्शाती है। छोटे से जनपद से ताल्लुक रखने वाले इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाकर अपने परिवार, विद्यालय, गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी और पूरे सिद्धार्थनगर जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने निरंतर प्रयास, माता-पिता और अपने कोच को दिया है।
खेल जगत में खुशी की लहर
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के अन्य उभरते हुए खिलाड़ियों को भी बड़ी प्रेरणा मिलेगी। विद्यालय परिवार और अकादमी की ओर से सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर स्कूल के प्रबंधक गंगासागर राय, सौरभ राय, अमित राय सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह, रवि अग्रवाल, अंबिका त्रिपाठी, विवेक त्रिपाठी, विपिन त्रिपाठी, अमित राय, प्रधानाचार्य अजय कुमार भारद्वाज, उप प्रधानाचार्य सुनील पांडे, जितेंद्र सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।